ताजा खबर

निगम ने लगाईं 1000 नई लाइटें 1500 से अधिक की मरम्मत

राजनांदगांव : दीपावली पर शहर के वार्डों को रोशन करने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। अंधेरे वाले क्षेत्रों और दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिह्नित कर नई एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने और उनकी मरम्मत का काम भी किया जा रहा है। निगम अब तक 51 वार्डों में करीब 1000 नई एलईडी लाइटें लगा चुका है, जबकि 1500 से अधिक खराब लाइटों की मरम्मत की जा चुकी है।

महापौर मधुसूदन यादव की पहल पर पार्षद निधि से लाइट खरीदने की अनुमति मिलने के बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर वार्डों में पार्षदों की अनुशंसा के अनुसार नई लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा महापौर और निगम आयुक्त जीआर मरकाम की पहल पर प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था मजबूत की जा रही है। रेवाडीह चौक पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था की गई है। मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर पुराने बिजली के खंभों को हटाकर नए ट्यूबलर पोल लगाए गए हैं।

 सर्विस लेन और हाईवे के चौराहों में भी रोशनी

नेशनल हाईवे पर पार्रीनाला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक पुरानी लाइटों को बदलकर 150 वाट की करीब 300 नई लाइटें लगाई गई हैं। वहीं, वार्डों में आवश्यकता के अनुसार 60 और 70 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। निगम के अनुसार, लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत का काम अभी जारी है। उद्देश्य दीपावली पर शहर के सभी वार्डों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना और अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।

 98 लाख की खरीदी वाली लाइटें नहीं चलीं

इधर, नगर निगम में कांग्रेस के कार्यकाल में खरीदी गईं 98 लाख की लाइटें नहीं चल पाईं। वर्ष 2024 में कुल 2300 एलईडी लाइटें खरीदी गई थी। लोकल कंपनी का यह उत्पाद वार्डों में पहुंचते ही खराब होने लगा जिससे निगम की मुसीबतें बढ़ गई। दो साल तक सप्लायर ने इसका मेंटनेंस तो किया लेकिन इसके बाद परेशानी और बढ़ गई। इसके चलते निगम को पार्षद निधि व अन्य मदों से लाइटों की खरीदी करनी पड़ी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button