छत्तीसगढ़

न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में बाल दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, एकल नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

कोरबा, 14 नवंबर 2026। बाल दिवस के अवसर पर न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में शनिवार को एकल नृत्य प्रतियोगिता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किशोर बुटोलिया उपस्थित रहे। एकल नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संश्रीति वोहरा एवं दीपा टांडिया शामिल रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक बी.एल. साहू, चेयरमैन किशोर कुमार साहू, निदेशक दिलीप कुमार साहू एवं प्रभारी प्राचार्य ऋतेश कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न गीतों और नृत्य शैलियों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने अपनी शानदार नृत्य कला, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। शिक्षकों ने भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन कर समारोह को यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।मुख्य अतिथि एवं निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास भी उतना ही आवश्यक है। सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अंत में सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बाल दिवस का यह समारोह बच्चों के लिए आनंद, उत्साह और यादगार अनुभवों से भरपूर रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button