विज्ञान का व्यावहारिक उपयोग और समस्या-समाधान तलाशेंगे विद्यार्थी

कलिंगा में साइंस वर्किंग मॉडल प्रतियोगिता 21 को
रायपुर, 14 नवंबर। कलिंगा विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रत्येक आविष्कार की शुरुआत एक जिज्ञासा से होती है, जिसे प्रयास और प्रयोगों के माध्यम से साकार किया जाता है। विद्यार्थियों में इसी जिज्ञासा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से, कलिंगा यूनिवर्सिटी द्वारा 21 नवंबर 2026 को साइंस वर्किंग मॉडल प्रतियोगिता 5.0 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अपने विचारों को कार्यशील मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।
कलिंगा ने बताया कि विगत वर्षों से कलिंगा यूनिवर्सिटी स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अभिरुचि एवं प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइंस वर्किंग मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन करती आ रही है। प्रतियोगिता के पांचवें संस्करण के माध्यम से विश्वविद्यालय एक बार फिर युवा प्रतिभाओं को ऐसा मंच प्रदान करने जा रहा है, जहाँ वे अपने ज्ञान, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को कार्यशील मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे।
कलिंगा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए वैज्ञानिक सिद्धांतों के व्यावहारिक उपयोग को समझने तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान तलाशने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को मॉडल के रूप में विकसित करने, प्रयोग करने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कलिंगा ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों को सतत जीवनशैली हेतु विज्ञान, दैनिक जीवन में प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, कल्याण एवं मानव जीवन, कृषि एवं खाद्य प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, स्मार्ट शहरों का भविष्य, स्वच्छ ऊर्जा एवं हरित भविष्य, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, पर्यावरण, जलवायु एवं जैव विविधता तथा बेहतर कल के लिए नवाचार जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यशील मॉडल प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।



