छत्तीसगढ़

साइक्लोन ‘अक्वान’: कब तट से टकराएगा, किन-किन राज्यों में किस-किस दिन होगी बारिश?

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफ़ान अक्वान लगातार उत्तर-पश्चिम की तरफ़ बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, तूफ़ान 18 नवंबर, बुधवार की शाम दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे लगे मध्य हिस्सों में था.

यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 500 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था.

मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफ़ान 20 नवंबर को दोपहर तक नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है.

उस समय हवा की अधिकतम रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है. हवा के झोंकों की रफ़्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

किन राज्यों में कब और कितनी बारिश का अनुमान?
आईएमडी के 18 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक़, तूफ़ान का असर सिर्फ़ आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा. कई दूसरे राज्यों में भी बारिश और तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है.

आंध्र प्रदेश और यानम: सबसे ज़्यादा बारिश का ख़तरा
– 18 नवंबर: तटीय इलाक़ों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह भारी बारिश

– 19 और 20 नवंबर: कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश. कुछ इलाक़ों में बेहद भारी बारिश की आशंका है. 24 घंटे में 21 सेंटीमीटर या उससे ज़्यादा बारिश हो सकती है.

– 21 नवंबर: उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है.

– 19-20 नवंबर: गरज-चमक, बिजली और 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

ओडिशा: भारी से बेहद भारी बारिश का अनुमान
– 18 नवंबर: दक्षिणी तटीय ओडिशा में कुछ जगह भारी बारिश

– 19 और 20 नवंबर: दक्षिण ओडिशा में भारी से बहुत भारी और कुछ जगह बेहद भारी बारिश. उत्तर ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान

– 21 नवंबर: कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है

– 19-20 नवंबर: गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल सकती हैं.

तेलंगाना
– 20 नवंबर: पूर्वी तेलंगाना में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है.

– 19-21 नवंबर: राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

छत्तीसगढ़
– 20 और 21 नवंबर: कई जगह बारिश और कुछ इलाक़ों में भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल
– 19 नवंबर: गंगा के मैदानी इलाक़ों में कुछ जगह भारी बारिश

– 20 नवंबर: कुछ जगह बहुत भारी बारिश का अनुमान

– 21 नवंबर: कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है

झारखंड
– 20 और 21 नवंबर: कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है

मध्य प्रदेश और विदर्भ
– 21 नवंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी विदर्भ में कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल
– 18 से 22 नवंबर: कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

– 19 और 20 नवंबर: तटीय इलाक़ों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने और झोंकों की रफ़्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

तूफ़ान के रास्ते में कौन से इलाक़े हैं?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक़, तूफ़ान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के उत्तर तट और दक्षिण ओडिशा के तट की तरफ़ बढ़ेगा.

18 नवंबर शाम साढ़े पांच बजे इसकी स्थिति नरसापुर से करीब 500 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कलींगपट्टनम से 540 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व में थी.

इसके तट से टकराने के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने का भी अनुमान है.

मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम ज़िलों के निचले इलाक़ों में समुद्र के पानी के चढ़ने से बाढ़ जैसे हालात की आशंका जताई है.

दक्षिणी तटीय ओडिशा के गंजाम, खुर्दा और पुरी ज़िलों के निचले इलाक़ों में भी समुद्र का पानी घुस सकता है. विभाग के मुताबिक़, समुद्र में ज्वार के सामान्य स्तर से 0.5 से 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं.

क्या तूफ़ान पहले के अनुमान से कमज़ोर हुआ है?
इस तूफ़ान को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बदलाव आया है.

17 नवंबर को जारी पूर्वानुमान में इसके 19 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में बदलने की आशंका जताई गई थी. उस समय तट से टकराने के दौरान हवा की रफ़्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ़्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था.

लेकिन 18 नवंबर को जारी नए बुलेटिन में मौसम विभाग ने इसके गंभीर चक्रवाती तूफ़ान बने रहने और 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है. झोंकों की रफ़्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है.

यानी फिलहाल मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफ़ान पहले जताए गए पूर्वानुमान के मुक़ाबले कम तीव्रता के साथ तट से टकराएगा.

बीबीसी तेलुगू के अनुसार, आंध्र प्रदेश के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से तटों के पास न जाने को कहा है. तटीय क्षेत्रों के लोगों से अपील की गई है कि वे आपातकालीन स्थिति को छोड़कर घर से बाहर न निकलें.

इससे पहले मंगलवार सुबह 8.30 बजे यह तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था. इससे पहले के छह घंटों के दौरान यह तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था.

आईएमडी के मुताबिक़ इस तूफान के प्रभाव से 18 से 21 नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है.

इस साइक्लोन का नाम ईरान ने रखा है. अक्वान नाम की जड़ें फ़ारसी पौराणिक कथाओं में हैं.

यह नाम अक्वान-ए-दीव से जुड़ा है, जो मशहूर फ़ारसी महाकाव्य शाहनामा में एक दानव जैसा पात्र है. इस महाकाव्य की रचना फ़िरदौसी ने की थी.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने 22 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है.

दक्षिण भारत में केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 22 नवंबर को, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 21 से 22 नवंबर को, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. असम और मेघालय में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

बारिश के अलावा मौसम विभाग ने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है.

विभाग के मुताबिक़, 20 नवंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. वहीं, बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छा सकता है.

समुद्र की स्थिति

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के समुद्री इलाकों में समुद्र की स्थिति ख़राब होने की चेतावनी दी है.

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 18 नवंबर तक यह बहुत ख़राब से अत्यंत ख़राब हो सकती है.

दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक स्थिति और बिगड़कर अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब (वेरी हाई) हो सकती है.

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर से अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र की स्थिति बहुत ही ज़्यादा ख़राब से लेकर असाधारण (फ़ेनॉमिनल) स्तर तक पहुंच सकती है.

उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है.

उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों के पास 18 नवंबर तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रह सकती है.

आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के पास 19 नवंबर की सुबह तक तीव्रता में और गिरावट आ सकती है और यह अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब हो सकती है.

इसके बाद 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति असाधारण स्तर तक पहुंच सकती है.

ओडिशा के इन इलाक़ों के लिए ऑरेंज अलर्ट

अक्वान की वजह से ओडिशा के तट के पास 18 नवंबर से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने का अनुमान है.

ओडिशा राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, मौजूदा चक्रवात के 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 नवंबर को गंजाम, गजपति और पुरी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी.

उन्होंने बताया, इन तीनों ज़िलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है. 20 नवंबर को चक्रवात के तट से टकराने वाले दिन मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश से काफ़ी असर पड़ने की आशंका है.

इस बीच मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इन इलाकों में न जाएं:

साइक्लोन के नाम देने की दिलचस्प कहानी

साल 2000 में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों को नाम देने की पद्धति एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक आयोग (ईएससीएपी) और विश्व मौसम संगठन (डब्लूएमओ) ने शुरू की.

इसके तहत बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे देशों के एक समूह ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के लिए 13 नामों की एक सूची सौंपी.

2018 में इन देशों के पैनल में ईरान, क़तर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन का नाम भी जुड़ गया. इस पैनल का काम चक्रवातों के नाम तय करना है.

इन देशों की ओर से सुझाए गए नाम देश के नाम की वर्णमाला के हिसाब से सूचीबद्ध किए जाते हैं. इस सूची की शुरुआत बांग्लादेश से होती है.

फिर इसके बाद इसमें भारत, ईरान, मालदीव, ओमान, पाकिस्तान का नाम आता है.

इस क्रम के हिसाब से ही चक्रवातों के नाम रखे जाते हैं. 2020 में आए चक्रवात निवार के बाद जिन चक्रवातों के नाम सुनाई पड़ने वाले हैं वो हैं बुरेवी (मालदीव), तौकते (म्यांमार), यास (ओमान) और गुलाब (पाकिस्तान).

अप्रैल 2020 में इन नामों वाली नई सूची सदस्य देशों की ओर से मंजूर की गई है.

प्रस्तावित नाम किसी भी राजनीतिक पार्टी, शख्सियत, धर्म, संस्कृति और लिंग के आधार पर नहीं होने चाहिए.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button