न्यूयॉर्क में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या 8 हुई, मेयर ममदानी ने क्या कहा?

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है. कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं.
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, इस नुकसान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. मेयर ने कहा कि राहतकर्मियों ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है. वो फंसे लोगों को खोजने और बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, मुझे गहरा दुख है कि 8 न्यूयॉर्क निवासियों की जान जा चुकी है और कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. मेरी संवेदना उन परिवारों और प्रियजनों के साथ है जिन्होंने अपने लोगों को खोया है. मैं घायलों और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं.
मेयर ने लोगों से अपील की कि वे हादसे वाली जगह से दूर रहें और राहतकर्मियों को अपना काम करने दें.
न्यूयॉर्क सिटी फ़ायर डिपार्टमेंट के मुताबिक़, उन्हें बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम लगभग 4 बजे ब्रुकलिन में स्थित इमारत गिरने की सूचना मिली थी.
साल 1930 में बनी इस इमारत में चार फ़्लैट थे.
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने डब्ल्यूएबीसी से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि मलबे से बचाई गई महिला उनकी पत्नी हैं, जो छह महीने की गर्भवती हैं.(bbc.com/hindi)


