मरकाटोला घाट हादसे के घायलों से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, बेहतर इलाज के निर्देश; चार को मिली छुट्टी

रायपुर। नेशनल हाईवे-30 पर बालोद जिले के मरकाटोला घाट के पास 25 सितंबर को हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से मिलने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों की तबीयत जानी और परिजनों से मुलाकात कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली।
हादसे में कवर्धा से जगदलपुर जा रहा स्वराज माजदा पिकअप खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रहे गेहूं से लदे ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर में छह लोगों की मौत हुई थी और सात लोग घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था।
अस्पताल में उप मुख्यमंत्री शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात की और उनसे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी बातचीत की। परिजनों ने अस्पताल में चल रहे इलाज पर संतोष जताया।
शर्मा ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्थिति और आगे की चिकित्सा के बारे में पूछा। चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हादसे के बाद से शर्मा घायलों के इलाज की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को उच्च स्तरीय इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज की व्यवस्था बताई गई है। घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित चिकित्सा दी जाए और इलाज में किसी तरह की कमी न रहे। स्वास्थ्य में सुधार के बाद चार घायल—अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र—को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।



