छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस अलर्ट: विधानसभा शीतकालीन सत्र के लिए 12 सदस्यीय विशेष सेल गठित, 24 घंटे रहेगी निगरानी

धमतरी, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर धमतरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 14 दिसंबर से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले षष्ठम् विधानसभा के ग्यारहवें सत्र के दौरान विधानसभा प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं और महत्वपूर्ण पत्राचार का समय पर जवाब देने के लिए पुलिस ने 12 सदस्यीय विशेष ‘विधानसभा सेल’ का गठन किया है। यह सेल सत्र के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

SP भावना पांडेय के निर्देशन में गठित इस विशेष सेल की जिम्मेदारी अतिरिक्त SP शैलेन्द्र पाण्डेय को सौंपी गई है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय यशकरण दीप ध्रुव को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इनके साथ 10 अन्य अधिकारी-कर्मचारी जानकारी संकलन, दस्तावेजों के संधारण, कंप्यूटर कार्य और पत्राचार की जिम्मेदारी संभालेंगे।

विधानसभा से संबंधित कोई भी प्रश्न, फैक्स या पत्र प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित TI और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को सूचना दी जाएगी, ताकि आवश्यक जानकारी बिना विलंब जुटाकर पुलिस मुख्यालय रायपुर भेजी जा सके। इसके लिए दिन और रात अलग-अलग डाक रनर की व्यवस्था भी की गई है।

SP ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित विभिन्न पुलिस शाखाओं को निर्धारित समय-सीमा में सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। स्थापना शाखा, जिला विशेष शाखा, नक्सल सेल, साइबर सेल, महिला अपराध शाखा, यातायात शाखा और अन्य संबंधित इकाइयों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा प्रश्नों के जवाब में किसी भी प्रकार की त्रुटि, अपूर्णता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रभावी समन्वय, त्वरित सूचना संकलन और तथ्यात्मक जवाब सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष व्यवस्था की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button