छत्तीसगढ़

चांपा स्टेशन पर शुरू हुई एम-यूटीएस सहायक सुविधा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में पहला स्टेशन, जहां यात्रियों को प्लेटफॉर्म परिसर में ही मिलेंगे जनरल टिकट

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 28 नवंबर। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को जनरल टिकट लेने के लिए अब टिकट काउंटर की लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में पहली बार चांपा रेलवे स्टेशन पर M-UTS एम-यूटीएस सहायक सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत कर्मचारी स्टेशन परिसर में यात्रियों के पास पहुंचकर मौके पर ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराएंगे।

इस व्यवस्था के तहत सहायक मोबाइल टिकटिंग डिवाइस और पोर्टेबल प्रिंटर लेकर स्टेशन के प्रवेश द्वार, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य यात्री क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। यात्री उनसे सीधे जनरल टिकट खरीद सकेंगे।

इससे खासकर ट्रेन छूटने की जल्दी में रहने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। त्योहारों, छुट्टियों और भीड़भाड़ के समय टिकट काउंटरों पर दबाव भी कम होगा।

यात्री टिकट खरीदने के लिए नकद के अलावा यूपीआई और क्यू कोड जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों, अधिक सामान लेकर चलने वाले यात्रियों और टिकट काउंटर तक पहुंचने में परेशानी महसूस करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी होगी।

रेलवे की इस योजना के तहत पात्र लोगों को अनुबंध या निविदा प्रक्रिया के माध्यम से एम-यूटीएस सहायक के रूप में काम करने का अवसर दिया जाता है। उन्हें टिकट जारी करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाता है। टिकट बिक्री के आधार पर प्रोत्साहन राशि भी मिलती है।

इस तरह यह पहल यात्रियों को सुविधा देने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button