छत्तीसगढ़

हूतियों के ख़िलाफ़ सऊदी अरब को सैन्य समर्थन पर मिस्र में मतदान टला

सऊदी अरब को सैन्य समर्थन के लिए आज मिस्र की संसद में वोटिंग की जाने थी जिसे टाल दिया गया है.

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, मिस्र के दो सांसदों ने एएफ़पी को बताया कि सऊदी अरब को सैन्य समर्थन देने की मंज़ूरी संबंधी राष्ट्रपति अब्देल फ़तह अल-सीसी के अनुरोध पर रविवार को होने वाला मतदान टाल दिया गया.

एक मिस्री सांसद ने कहा कि सभी सांसदों को टिप्पणी करने और अपने विचार रखने का अवसर देने के लिए सत्र का समय बढ़ाया गया है.

अब इस पर कल यानी सोमवार, 19 अक्तूबर को वोटिंग होगी.

एक दिन पहले राष्ट्रपति अब्देल फ़तह अल-सीसी ने सांसदों से कहा था कि अगर सऊदी अरब अनुरोध करता है तो हूती हमलों के ख़िलाफ़ उसे समर्थन देने की मंज़ूरी दी जाए.

उन्होंने कहा था, मुझे पता है कि इस कार्रवाई के लिए मिस्र की संसद की मंज़ूरी ज़रूरी है इसलिए मैंने आपात बैठक बुलाने का अनुरोध किया और हमसे कहा गया कि अगर सऊदी अरब अनुरोध करे तो हमें कार्रवाई करने का अधिकार दिया जाए.

मिस्र 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन में शामिल हुआ था. हालांकि उसने युद्ध के मोर्चे पर सैन्य अभियान चलाने में भूमिका नहीं निभाई बल्कि उसकी भूमिका मुख्य रूप से लाल सागर के समुद्री मार्गों की सुरक्षा तक सीमित रही है.

कई हूती नेताओं ने मिस्र को सऊदी अरब के साथ चल रहे युद्ध में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी है. उनका कहना है कि ऐसा हस्तक्षेप अंततः इसराइल के हितों को ही फ़ायदा पहुंचाएगा.

उन्होंने सीधे तौर पर कोई धमकी नहीं दी लेकिन 1960 के दशक में मिस्र के सैन्य हस्तक्षेप का ज़िक्र किया, जिसमें मिस्र को भारी मानवीय क्षति उठानी पड़ी थी.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button