एलन मस्क का आरोप, भारत में स्टारलिंक की एंट्री रोक रहे कुछ उद्योगपति

एलन मस्क ने आरोप लगाया कि कुछ ख़ास उद्योगपति भारत में स्टारलिंक की एंट्री को रोक रहे हैं.
मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में लिखा, बदकिस्मती से, हमें कुछ ख़ास उद्योगपति रोक रहे हैं, ताकि भारतीय लोगों पर उनकी एकाधिकारवादी पकड़ बनी रहे. आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं… यह भारत के लोगों के ख़िलाफ़ अपराध है!
इस पोस्ट में कहा गया था कि भारत में स्टारलिंक की ज़रूरत है, क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में गांव ब्रॉडबैंड से नहीं जुड़े हैं.
मस्क ने बुधवार देर रात एक्स पर आगे लिखा, भारत में स्टारलिंक उन लोगों को तेज और किफ़ायती इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध करा सकेगा, जो मौजूदा कीमतों की वजह से इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं या जिनके पास बिल्कुल भी इंटरनेट कनेक्शन नहीं है.
इससे पहले बुधवार को दिल्ली में चल रही इंडिया मोबाइल कांग्रेस में स्टारलिंक की बिजनेस ऑपरेशंस की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर ने बताया कि स्टारलिंक भारत में 20 गेटवे साइट पहले ही बना चुका है और भारतीय यूज़र्स के डेटा को देश के भीतर रखने के लिए भारत के हिसाब से सुरक्षा नियंत्रण भी विकसित किए हैं.
ड्रेयर ने कहा कि स्टारलिंक को उम्मीद है कि सभी मंजूरियां मिलते ही वह भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं जल्द से जल्द शुरू कर देगा.(bbc.com/hindi)



