छत्तीसगढ़
सोमनी में 400 करोड़ से मल्टी फ्रूट प्रोसेसिंग सुविधा
रायपुर, 27 अक्टूबर।राजनांदगांव जिले के ग्राम सोमनी में मल्टी फ्रूट प्रोसेसिंग फैसिलिटी स्थापित करने के प्रस्ताव को छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी है। परियोजना राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से स्थापित की जाएगी। इसके लिए कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग को राजगामी संपदा की 31.55 एकड़ भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
परियोजना में लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इसके तहत किसानों से सीधे फल खरीदने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। सरकार के अनुसार, परियोजना से 1000 से अधिक प्रत्यक्ष और 5000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
फल उत्पादक किसानों को अपनी उपज के प्रसंस्करण और विपणन के लिए बेहतर सुविधाएं तथा बाजार उपलब्ध कराने में भी इस परियोजना से मदद मिलने की उम्मीद है।



