छत्तीसगढ़

लीवर ट्रांसप्लांट के नाम पर कारोबारी से 30 लाख की धोखाधड़ी: बड़े भाई के इलाज के लिए जुटाई थी रकम, ठग लेकर हुए फरार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लीवर ट्रांसप्लांट कराने के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने महासमुंद के रहने वाले कारोबारी को अपने जाल में फंसाया और फिर पैसे लेकर फरार हो गए। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।

शिकायत के मुताबिक, महासमुंद जिले के बसना निवासी फर्नीचर कारोबारी सतीश अग्रवाल के बड़े भाई की तबीयत खराब है और उनके इलाज के लिए लीवर ट्रांसप्लांट की जरूरत थी। इसी दौरान संजय नाम के एक व्यक्ति ने इलाज में मदद कराने का भरोसा दिया। उसने हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में जान-पहचान होने की बात कही और कम खर्च में ट्रांसप्लांट कराने का दावा किया।

आरोप है कि इलाज में लाखों रुपये की बचत होने की बात कहकर सतीश अग्रवाल का भरोसा जीता गया। इसके बाद रकम लेने के लिए अनिल नाम के व्यक्ति को भेजा गया।

समता कॉलोनी में दिए 30 लाख रुपये

बताया गया है कि एक अक्टूबर को रायपुर की समता कॉलोनी में एक्सिस जूस के सामने सतीश अग्रवाल से 30 लाख रुपये लिए गए। यह रकम उनके बड़े भाई के इलाज के लिए जुटाई गई थी। आरोप है कि पैसे लेने के बाद संबंधित लोग फरार हो गए और इलाज कराने का वादा पूरा नहीं किया।

आजाद चौक थाने में मामला दर्ज

ठगी का शिकार होने के बाद सतीश अग्रवाल ने पुलिस से शिकायत की। उनकी शिकायत पर रायपुर के आजाद चौक थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और रकम लेने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button