देश

रादौर अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू, 48 घंटे में भुगतान का आश्वासन

रादौर, 29 सितंबर। रादौर अनाज मंडी में मंगलवार को धान की सरकारी खरीद का कार्य शुरू हो गया। खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल राणा मंडी पहुंचे। उन्होंने पहली ढेरी की खरीद का निरीक्षण किया और किसानों को आश्वासन दिया कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर मार्किट कमेटी चेयरमैन रूपिंदर सिंह मल्ली भी मौजूद रहे।

वेयरहाउस और हैफेड करेंगे खरीद

नेपाल राणा ने बताया कि मंडी में वेयरहाउस और हैफेड के माध्यम से सरकारी खरीद की जाएगी। पहली ढेरी में नमी 14 से 15 प्रतिशत पाई गई। इस धान को निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा गया। सुपर फाइन धान का एमएसपी 2461 रुपये और कॉमन धान का एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय है। सरकार की नीति के अनुसार 17 प्रतिशत तक नमी वाली धान ही खरीदी जाएगी।

बारदाना और समय पर भुगतान का प्रावधान

किसानों को समय पर बारदाना उपलब्ध करवाया जाएगा और धान का उठान सुनिश्चित किया जाएगा। फसल बिकने के 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान करने का प्रावधान है। नेपाल राणा ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं। खेत में खड़ी फसल जल्दी सूख जाती है, इसलिए कटाई से पहले उसे सुखाने का प्रयास करें। सूखी फसल आने पर बिक्री में बाधा नहीं आएगी।

पराली प्रबंधन की सराहना

नेपाल राणा ने पराली प्रबंधन को लेकर किसानों की जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसान पराली न जलाने के प्रति जागरूक हो रहे हैं। पराली न जलाने से मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ती है और भूमि की उर्वरक क्षमता सुधरती है।

इस अवसर पर मार्किट कमेटी चेयरमैन रूपिंदर सिंह मल्ली, सचिव संदीप कुमार, मंडी सुपरवाइजर मनोज कुमार, मंडी प्रधान सुभाष काम्बोज, कृष्ण काम्बोज, बंसी सैनी, प्रदीप चौधरी, सुशील बत्तरा, जसविंद्र ग्रेवाल, छवि पंडित, मोहित राणा समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button