छत्तीसगढ़

स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर में 125 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का शुभारंभ, नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित हो रही मेडिसिटी

रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।

मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया तथा वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारी के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाना मरीजों और उनके परिजनों के लिए आर्थिक बोझ के साथ कई व्यावहारिक कठिनाइयां भी पैदा करता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हों। रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को अपने ही राज्य में बेहतर उपचार मिल सकेगा। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक अस्पतालों की स्थापना से गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधाएं बढ़ने के साथ चिकित्सकों, नर्सों, तकनीशियनों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने के साथ दूरस्थ वनांचलों तथा जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है। उनका कहना था कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा नहीं बनना चाहिए।

साय ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश, मेडिकल टूरिज्म और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को ऐसा प्रमुख चिकित्सा केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां प्रदेश के मरीजों को जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बाहर न जाना पड़े और दूसरे राज्यों के मरीज भी बेहतर इलाज के लिए यहां आ सकें।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुखी और समृद्ध जीवन का आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथमेश हॉस्पिटल के शुरू होने से लोगों को आधुनिक उपचार की सुविधा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ से लोगों को सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और उपचार की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button