jharkhand

ग्रेटर नोएडा: ट्रेड शो में किसान मेला, एफपीओ और डिजिटल बिक्री से उपज का बेहतर दाम दिलाने पर जोर

ग्रेटर नोएडा: फसल तैयार होने के बाद किसान को बाजार में उचित मूल्य मिले, इसके लिए अब उत्पादन के साथ ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल बिक्री पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को यही संदेश दिया गया।

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में पश्चिम मैदानी कृषि जलवायु क्षेत्र का किसान मेला आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता योजना के तहत रखा गया था। मेले में मेरठ मंडल समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़ और शामली के किसान शामिल हुए।

सामूहिक खरीद से घटेगी लागत, सामूहिक बिक्री से बढ़ेगी ताकत

कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त कृषि निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) एवं एफपीओ नोडल अधिकारी संतोष राय और संयुक्त कृषि निदेशक मेरठ मंडल स्मिता वर्मा ने किया। दोनों अधिकारियों ने कृषि गोष्ठी के साथ मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया।

परियोजना निदेशक (तकनीकी) नीरज सुव्रत ने बताया कि किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के जरिए किसान अपनी उपज एकत्र कर पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं। इससे बड़े खरीदारों और बाजार तक सीधी पहुंच बन सकती है। उन्होंने कहा कि बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्रों की थोक खरीद से लागत घटती है, जबकि सामूहिक बिक्री से मोलभाव की क्षमता बढ़ती है। एफपीओ के लाभ का एक हिस्सा संगठन के विकास में लगाने और सदस्यों को लाभांश देने की व्यवस्था भी बताई गई।

ओएनडीसी से उपज सीधे ग्राहक तक पहुंचाने की सलाह

मेले में डिजिटल कारोबार पर भी जानकारी दी गई। ओएनडीसी के उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी ने कहा कि एफपीओ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अपना ऑनलाइन स्टोरफ्रंट बनाकर उत्पाद सीधे ग्राहकों तक बेच सकते हैं। डिजिटल भुगतान, प्रचार और आपूर्ति व्यवस्था का इस्तेमाल कर बाजार पहुंच बढ़ाई जा सकती है।

सिद्धार्थ गौतम ने भी सामूहिक खरीद और सामूहिक बिक्री को किसानों की बाजार क्षमता बढ़ाने का जरिया बताया। उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने जिले में कृषि विभाग की योजनाओं और कृषक हित के कार्यों की प्रगति बताई। उन्होंने प्रगतिशील किसानों का आभार जताते हुए नई तकनीक और बाजार व्यवस्था अपनाने पर जोर दिया।

ट्रेड शो का यह मंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए उत्पादन से आगे बढ़कर प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और विपणन की पूरी श्रृंखला समझने का अवसर बना। प्रदेश की कृषि नीति में किसानों को बाजार से जोड़ने पर बल दिया जा रहा है। किसान मेले में एफपीओ को इसी बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में प्रस्तुत किया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button