ज्ञानेश कुमार ने देश की आत्मा पर हमला किया, देशद्रोह के लिए मुकदमा चलना चाहिए: राहुल

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की आत्मा पर हमला किया है और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
गांधी ने यहां जन महाभियोग कार्यक्रम के समापन भाषण में यह दावा भी किया कि निर्वाचन आयोग समेत देश के विभिन्न संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है और मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, अब हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा, इसलिए यह कार्यक्रम करना पड़ा है। सारे संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है।
उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से 13.3 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है।
गांधी ने कहा, निर्वाचन आयोग कह रहा है कि इन मतदाताओं ने वोट नहीं किया। अगर ऐसा है तो इसका मतलब है कि 2024 में जो चुनाव हुआ वह अवैध था। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। ज्ञानेश कुमार उस संस्था के पीछे छिप रहे हैं जिसकी उन्हें रक्षा करनी थी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को आज नहीं तो कल देश के जनप्रतिनिधियों का सामना करना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा, मोदी और शाह ऊपर हैं, उनसे हम निपटेंगे, लेकिन आप (ज्ञानेश कुमार) उनके औजार हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार और उनके साथ काम करने वाले पांच-छह लोग यह सोचते हैं कि कानून या प्रधानमंत्री मोदी उन्हें बचा लेंगे तो उन्हें देश के लोगों के मूड को देखना चाहिए।
गांधी ने कहा, हमारी गारंटी है कि भारत के लोग, सांसद और युवा इस कृत्य को न भूलेंगे और न माफ करेंगे। आपने भारत की आत्मा पर हमला किया है। हम आपको बचकर नहीं निकलने देंगे।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।(भाषा)



