त्योहार से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, तीन मिठाई दुकानों के लाइसेंस निलंबित

मिठाई में कीड़े, ब्रेड फैक्ट्री में मिले चूहे; एक फर्म से करीब 48 क्विंटल मिठाई जब्त
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने शुक्रवार को टीम के साथ बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण अस्पताल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। जांच के दौरान मिठाई निर्माण में इस्तेमाल दूध में कीड़े, ब्रेड फैक्ट्री में चूहों की मौजूदगी और कई जगह गंदगी मिली। विभाग ने तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए, जबकि बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराने के साथ एक फर्म से करीब 48 क्विंटल पैक्ड मिठाई जब्त की।
बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में मिठाई निर्माण की स्थिति बेहद अस्वच्छ मिली। दूध में कीड़े तैरते पाए गए। टीम ने यहां से काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के नमूने लिए। करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम सहित अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।



