चक्रवात के चलते सीएम के दौरे रद्द, वर्चुअली लोकार्पण-भूमिपूजन में हुए शामिल

एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें तैयार, सभी कलेक्टरों को अलर्ट किया
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को तीन जिलों के दौरे पर नहीं जा सके। उन्होंने दो स्थानों पर वर्चुअली जुड़कर विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के जसवंतपुर में आदिवासी नेता स्वर्गीय लरंग साय की मूर्ति का अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि चक्रवात के कारण मौसम खराब होने से तीनों स्थानों पर पहुंचना संभव नहीं हो पाया। इसलिए दो जगहों के कार्यक्रमों में वर्चुअली शामिल हुए।
आपदा से निपटने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात और तेज बारिश की आशंका को देखते हुए सरकार पूरी तरह सतर्क है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर टीमें तत्काल संबंधित स्थान पर पहुंचकर सहायता करेंगी। सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट कर दिया गया है। किसानों को भी मौसम की स्थिति और तेज बारिश की आशंका की जानकारी देकर सतर्क रहने कहा गया है।



