झगड़ा सुलझाने पहुंचे अस्पताल संचालक पर चाकू से हमला, भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार
लिफ्ट के विवाद में सुलह के लिए बुलाया था
महासमुन्द, 7 अक्टूबर। जिले के सिरपुर में लिफ्ट देने को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के दौरान जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर चाकू से हमला किया गया। हमलावर ने अस्पताल संचालक की गर्दन पर तीन बार और जांघ पर एक बार चाकू से वार किया है।
घायल परमानंद साह जब जान बचाने के लिए भागने लगा, तब भी आरोपियों ने उसका पीछा किया और उसे धमकाते हुए कहा कि वह कितनी दूर तक भाग सकेगा।
घायल अस्पताल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
इस मामले में हमलावर हरि ध्रुव के अलावा उप सरपंच और भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर के साथ सुरेश मिरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला सिरपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार घटना कल 6 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे की है। अस्पताल के स्टाफ राकेश साहू खाना खाने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोका और लिफ्ट मांगा। इसके बाद हरि ने राकेश को अपने साथ चलने के लिए कहा। राकेश ने जब मोटरसाइकिल पर बैठाने से इनकार किया तो दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई।
इसके बाद राकेश ने फोन कर अस्पताल संचालक परमानंद साहू को मौके पर बुलाया। अस्पताल का एक और कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझाइश देकर उस समय विवाद शांत करा दिया गया। विवाद की जानकारी मिलने पर सिरपुर के उप सरपंच और भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर ने फोन पर जानकारी ली। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा। वहां राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौजूद थे।
राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों से विवाद की जानकारी ली और हरि ध्रुव से माफी मांगकर मामला खत्म करने की बात कही। शिकायत में आरोप है कि हरि ध्रुव ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद सुलझाने के लिए सभी को अस्पताल के सामने बुलाया गया। फिर रात करीब 9.30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे।
शिकायत के मुताबिक वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू हो गई और हाथ-मुक्के से मारपीट होने लगी। इसी दौरान हरि ध्रुव ने धारदार चाकू निकालकर परमानंद साहू पर हमला कर दिया। उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए। इसके अलावा जांघ पर भी चाकू से हमला किया गया।
अचानक हुए हमले के बाद घायल परमानंद साहू जान बचाने के लिए वहां से भागने लगा। शिकायत के मुताबिक. इसके बाद भी आरोपी पीछे नहीं हटे। हरि ध्रुव, राजेश सिंह ठाकुर और सुरेश मिरी ने घायल का पीछा किया और उसे धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने धमकाते हुए कहा कि वह कितनी दूर तक भाग सकेगा। इसी दौरान राकेश साहू और टिकेश्वर साहू वहां पहुंचे। दोनों ने घायल को हमलावरों से बचाया और मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी पहुंचाया। सिरपुर चौकी में प्राथमिक उपचार कराने के बाद परमानंद साहू तुमगांव थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।



