हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी पर हमले का दावा किया

यमन के हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने सऊदी अरब की रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी और रियाद के वित्तीय ज़िले पर हमला किया है.
बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि रिफ़ाइनरी पर हमले के बाद वहां आग लग गई.
उन्होंने यह भी कहा कि रियाद के वित्तीय ज़िले को तीन स्टेज में निशाना बनाया गया.
रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी है. यह देश से कच्चे तेल के निर्यात के प्रमुख केंद्रों में से एक है.
इससे पहले, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा था कि उसकी हवाई रक्षा प्रणालियों ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में रास तनूरा के पास चार ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया.
नासा के फ़ायर ट्रैकिंग सिस्टम ने रास तनूरा के औद्योगिक क्षेत्र में असामान्य गर्मी दर्ज की है.
वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने धुएं के गुबार की एक सैटेलाइट तस्वीर जारी की है. एजेंसी ने काले धुएं से ढके क्षेत्र का आकार क़रीब 600 वर्ग किलोमीटर (230 वर्ग मील) आंका है.(bbc.com/hindi)



