सभी समस्याओं, मांगों और सुझावों को डीआरयूसीसी में मजबूती से रखेंगें-चेंबर

जैन और शादीजा पुन: सदस्य नामित
रायपुर, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के अंतर्गत डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (डीआरयूसीसी) के पुनर्गठन में चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन एवं जितेन्द्र शादीजा को पुन: सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह मनोनयन 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 (दो वर्ष के कार्यकाल) के लिए प्रभावी रहेगा।
श्री थौरानी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं समस्त व्यापारिक जगत में हर्ष की लहर है। चेम्बर परिवार की ओर से रेलवे प्रशासन और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। मनोनयन के उपरांत आभार व्यक्त करते हुए नामित सदस्यों ने आश्वस्त किया है कि छत्तीसगढ़ के व्यापार, उद्योग एवं वाणिज्यिक समुदाय से जुड़े रेल उपयोगकर्ताओं की समस्याओं, मांगों और सुझावों को डीआरयूसीसी की बैठकों में अत्यंत प्रभावी और मजबूती के साथ रखा जाएगा।
श्री थौरानी ने बताया कि पुन: मनोनयन से रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत माल ढुलाई (फ्रेट), यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा व्यावसायिक सुगमता से जुड़े मुद्दों के त्वरित निराकरण में और अधिक मदद मिलेगी।


