छत्तीसगढ़

धान खरीदी में गड़बड़ी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई- पिंगुआ

प्रभारी सचिव ने पांच खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 24 नवंबर। धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने मंगलवार को बिरकोना, सेंदरी, सेमरतल, रानीगांव और सैदा खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

पिंगुआ ने खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की जांच की और इलेक्ट्रॉनिक कांटों का परीक्षण कराया। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को रोज निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बारिश के कारण जिन किसानों का टोकन होने के बावजूद धान नहीं बिक पाया, उन्हें उनकी सुविधा के अनुसार नई तारीख का टोकन देने को कहा।

प्रभारी सचिव को बताया गया कि रानीगांव में करीब 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां मिली थीं। इनमें से 250 का सुधार हो चुका है, जबकि शेष 150 के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। प्रभारी सचिव ने जल्द सुधार पूरा करने को कहा। उन्होंने बारिश से धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त तिरपाल और अन्य इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए।

किसानों को यह जानकारी देने को कहा गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से मिलने वाली इनपुट सहायता का लाभ कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button