ताजा खबर

शक्तिशाली बनें तो कमजोर और दुखी लोगों की मदद करें : श्रेयांशप्रभ सागर

राजनांदगांव : शरीर की वास्तविक शक्ति दूसरों की रक्षा और सहायता करने में है। यदि आप सक्षम हैं तो कमजोर और दुखी लोगों का सहारा बनें। यह बात खरतरगच्छाधिपति मणिप्रभ सागर के सुशिष्य मुनि श्रेयांशप्रभ सागर ने ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में आयोजित धर्मसभा में कही।

उन्होंने कहा कि वज्र शरीर वाले व्यक्ति को हमेशा कमजोर शरीर वालों की रक्षा करनी चाहिए। हनुमान का शरीर वज्र के समान था। वे इतने शक्तिशाली थे कि चट्टान पर गिरने से भी चट्टान चकनाचूर हो जाती। उन्होंने आज के बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य और शरीर की बनावट को लेकर भी अपनी बात रखी।

मुनि ने जैन रामायण का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब रावण ने सीता का अपहरण किया, तब भी सीता ने रावण को नहीं देखा था। उनके मन में सदैव प्रभु राम ही बसे थे। यह प्रसंग एकाग्रता और अटूट निष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर दुख के समय भगवान को याद करता है, लेकिन सुख मिलते ही उन्हें भूल जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। सुख और दुख जीवन में आते-जाते रहते हैं, इसलिए हर परिस्थिति में परमात्मा का स्मरण बनाए रखना चाहिए। ईश्वर के प्रति आस्था और विश्वास बना रहे तो कठिन परिस्थितियों में भी मनुष्य विचलित नहीं होता। मुनि ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं दुखी है और उसके सामने दूसरा दुखी व्यक्ति आ जाए तो उसकी सहायता अवश्य करनी चाहिए। दूसरों के दुख को समझना और उनकी मदद करना ही मानवीय संवेदना का परिचय है। मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि चातुर्मासिक प्रवचन के तहत आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button