छत्तीसगढ़

कार खरीदने की जिद में नाबालिग ने रची खुद के अपहरण की कहानी, मांगी पांच लाख की फिरौती

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 4नवंबर।कार खरीदने की मांग पूरी नहीं होने पर एक नाबालिग ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच दी। मंगलवार सुबह उसने पिता के मोबाइल पर संदेश भेजकर खुद के अपहरण की जानकारी दी और रिहाई के लिए पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। घबराए पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसीसीयू की टीम ने तलाश शुरू की और शाम चार बजे रतनपुर थाना क्षेत्र के सेलर गांव से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।

जानकारी के मुताबिक नाबालिग मंगलवार सुबह करीब नौ बजे स्कूटी से लखराम गांव ट्यूशन जाने के लिए निकला था। करीब डेढ़ घंटे बाद उसके ही मोबाइल नंबर से पिता के फोन पर संदेश आया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। उसे छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये मांगे गए। पिता ने सुबह11.30बजे रतनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

सूचना मिलते ही एएसपी मधुलिका सिंह और एसीसीयू की टीम ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी स्कूटी चोरहा देवरी गांव के एक तालाब के पास मिली। मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी इसी इलाके में मिली थी। इसी बीच नाबालिग ने पिता को फोन कर बताया कि वह सेलर गांव में सुरक्षित है।

पुलिस टीम उसे वहां से थाने लेकर आई। पूछताछ में उसने बताया कि परिवार पर कार खरीदने का दबाव बनाने के लिए उसने खुद के अपहरण की कहानी रची थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button