छत्तीसगढ़

100 साल पहले मिले जीवाश्म ने दी नए डायनासोर की खबर

डॉयचे वैले पर निखिल रंजनकी रिपोर्ट

करीब 100 साल पहले एक जीवाश्म मिला था जिसका अध्ययन करने की वैज्ञानिकों ने जरूरत नहीं समझी. अब उसी जीवाश्म से डायनासोर की एक नई प्रजाति का पता चला है.

बड़े बाघ के आकार और बड़े पंजों वाला यह शिकारी दो पैरों वाले मांसाहारी डायनासोर के समूह का पहला जीव है जो यूरोप में मिला है. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के रिसर्चरों की एक टीम के मुताबिक इस समूह को मेगारैप्टोरंस कहा जाता है.

आखिरी ज्ञात मेगारैप्टोरंस करीब 10 मीटर लंबा था जो पैटागोनिया में रहता था. यह डायनासोर के युग के आखिरी दौर में यानी करीब 5 करोड़ साल पहले मौजूद था. इनविकिबेलैट्रिक्स जैसे छोटे मेगारैप्टोरंस छोटे जीवों का शिकार करते थे जिनमें स्तनधारी, छोटी छिपकलियां और बेबी डायनासोर शामिल हैं. बड़े मेगारैप्टोरंस विशाल शाकाहारी जीवों को अपना आहार बनाते थे.

100 साल पहले मिला था जीवाश्म
जिस जीवाश्म से इस जीव के बारे में जानकारी मिली है वह नेशनल हिस्ट्री म्यूजियम को इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर मौजूद आइल ऑफ वाइट से 1924 में मिला था. मेगारैप्टोरंस की यह नई प्रजाति टिरैनोसॉरस के काफी करीब है. इनमें टिरैनोसॉरस एक्स भी शामिल है जो करीब 12 करोड़ साल पहले क्रिटेशियस युग में यूनाइटेड किंगडम में रहे थे. इस जीव को इनविक्टिबेलैट्रिक्स अंबेरीना नाम दिया गया है. इनविक्टिबेलैट्रिक्स का मतलब है अपराजेय वीरांगना.

रॉयल सोसायटी ओपेन साइंस जर्नल ने इस बारे में एक रिपोर्ट छापी है. कैसियस मॉरिसन इस रिपोर्ट के प्रमुख लेखक हैं. उन्होंने बताया, अपने दौर में यह प्रबल शिकारी वन्यजीव था और अगर यह आज जीवित होता तो इंसानों के लिए टी रेक्स से ज्यादा खतरनाक होता. मॉरिसन के मुताबिक,उनके शरीर की तुलना में करीब एक तिहाई आकार के साथ हम उनके लिए बिल्कुल सही शिकार होते, वे निश्चित रूप से हमारे पीछे आते. मॉरिसन का कहना है कि टी रेक्स इंसानों की बहुत परवाह नहीं करता क्योंकि उसके लिए इंसान बहुत छोटे थे.

चार मीटर लंबा 1.5 मीटर ऊंचा
मॉरिसन ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि इसके जीवाश्म पर इतने वर्षों तक किसी का ध्यान नहीं गया. उन्होंने कहा, असली रहस्य तो यह है कि इस जीवाश्म की इतने लंबे समय तक अनदेखी क्यों हुई. लगभग 100 साल तक यह एक ड्रॉअर में पड़ा रहा. आइल ऑफ वाइट से बहुत सारी हड्डियां मिली थीं, किसे पता अभी और क्या कुछ सामने आना बाकी है.

मॉरिसन ने बताया कि इनविक्टिबेलैट्रिक्स तीन से चार मीटर तक लंबा था और लगभग 1.5 मीटर ऊंचा. इसके पंख और पंजे 10 से 20 मीटर तक लंबे थे. वह छोटे डायनासोर, छिपकली और स्तनधारियों को खाता होगा. ये ऐसे जीव रहे होंगे जो भाग कर अपने शिकार को पकड़ते थे और फिर विशाल हाथों और पंजों से फाड़ कर खा जाते होंगे.

यह जीवाश्म आइल ऑफ वाइट के दक्षिण पश्चिमी तट पर एक चट्टान की ढलान पर एमेच्योर जीवाश्मविज्ञानी रेगिनाल्ड वाल्टर टुली को मिला था. टुली को बाघ के आकार के शिकारी जीव के खोपड़ी का एक हिस्सा मिला था. मेगारैप्टर के बारे में माना जाता है कि वे एशिया में पैदा हुए थे और वहां से यूरोप आए. इनविक्टिबेलैट्रिक्स के जरिए वैज्ञानिकों को शुरुआती मेगारैप्टोरंस के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है. ये जीव कैसे दुनिया के अलग अलग हिस्सों में फैले और यूरोप पहुंचे इसके बारे में भी जानकारी मिल सकती है.

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button