कश्मीर में भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, पूर्व सांसद आगा रुहुल्लाह भी हुए शामिल

-जहांगीर अली
जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ श्रीनगर में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पूर्व लोकसभा सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह का समर्थन मिला है.
शनिवार को वह प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ धरने पर बैठे.
शनिवार को कई युवा अभ्यर्थियों ने श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर पार्क में धरना दिया. यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर पुलिस के उस दावे के बाद शुरू हुआ, जिसमें पुलिस ने रविवार को हुई फ़ाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में बड़े घोटाले का पर्दाफ़ाश करने की बात कही थी.
यह परीक्षा सरकारी भर्ती एजेंसी जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड ने आयोजित की थी.
शनिवार शाम रुहुल्लाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पूर्व सांसद अभ्यर्थियों के साथ तब तक खड़े रहेंगे, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.
पोस्ट में कहा गया, जब तक जवाब नहीं मिलते, हम घर नहीं जाएंगे. धरना तभी ख़त्म होगा, जब उनकी मांगें पूरी होंगी.
पुलिस के मुताबिक़, कथित धांधली के मामले में कम से कम 14 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. आरोप है कि जम्मू क्षेत्र के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों ने मोबाइल फ़ोन और छोटे वायरलेस चिप के ज़रिए नकल करने की कोशिश की थी.
हालांकि, परीक्षा अब तक रद्द नहीं की गई है. कुछ अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा दोबारा कराई जाए. प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उनकी सरकार परीक्षा में ऐसी गड़बड़ियां रोकने में नाकाम रही है.
इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने भी अभ्यर्थियों का समर्थन किया था. उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की.
ग़ौरतलब है कि 2019 में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निष्प्रभावी किए जाने के बाद से 2024 तक जम्मू-कश्मीर का प्रशासन सीधे केंद्र सरकार के अधीन था.
इस दौरान सरकारी विभागों में ख़ाली पदों को भरने के लिए हुई कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं.(bbc.com/hindi)



