दिल्ली पुलिस ने किस मामले में नेहा बोरा की ज़मानत रद्द करने की अर्जी दी, आइसा ने क्या कहा

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा की ज़मानत रद्द करने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाख़िल की है.
आइसा के मुताबिक़, यह मामला जेएनयू में यूजीसी की इक्विटी गाइडलाइंस लागू करने की मांग को लेकर हुए आंदोलन से जुड़ा है.
आइसा ने प्रेस रिलीज़ में बताया कि 20 नवंबर की शाम नेहा को अदालत में पेश होने का नोटिस दिया गया था. हालांकि, पुलिस ने उन्हें ज़मानत रद्द करने की अर्जी की कॉपी नहीं दी.
आइसा ने बताया, शनिवार को नेहा अपनी कानूनी टीम के साथ अदालत में पेश हुईं, जहां उन्हें अर्जी की कॉपी दी गई. अब इस मामले में जवाब दाख़िल करने के लिए दिसंबर 2026 की तारीख़ तय की गई है.
आइसा के मुताबिक़, नेहा और जेएनयू के 13 अन्य स्टूडेंट्स, एक्टिविस्ट और छात्र संघ के पदाधिकारियों को इस साल फ़रवरी में गिरफ़्तार किया गया था.
बाद में सभी 14 लोगों को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था.
आइसा ने पुलिस की कार्रवाई को एसआईआर के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वालों को डराने की कोशिश बताया है.
संगठन ने कहा, एसआईआर और मज़बूत यूजीसी इक्विटी गाइडलाइंस लागू करने की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा.(bbc.com/hindi)



