स्टेशन परिसर में मासूम की मौत, हत्या का केस दर्ज

आरोपी पुलिस हिरासत में
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर में दो वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जीआरपी ने हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी आकाश देवार को अभिरक्षा में ले लिया है। उसके खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जीआरपी के मुताबिक घटना 19 तारीख की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच रेलवे स्टेशन परिसर में एटीएम के सामने की है। बताया गया कि 25 वर्षीय महिला अपनी करीब दो वर्षीय पुत्री की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बालिका की मौत हो गई।
बालिका की मां और परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इसके बाद 20 नवंबर को बालिका का पोस्टमार्टम कराया गया। 21 नवंबर को अस्पताल प्रबंधन से मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में बालिका के पेट में पहुंचाई गई चोट के कारण पेट की रक्तवाहिकाओं में आंतरिक रक्तस्राव होने से मौत की बात सामने आई।
मर्ग पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी आकाश देवार, निवासी कुम्हारी-दुर्ग के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है। मामले की जांच जारी है।



