उत्कृष्ट खेल कौशल, निरंतर अभ्यास और बेहतर अनुशासन से जेपी इंटरनेशनल ने लहराया परचम

इंडो-नेपाल कराटे स्पर्धा में 11 ने जीते पदक, 3 को गोल्ड
कांकेर, 7 अक्टूबर। जेपी इंटरनेशनल स्कूल ने बताया कि महिला कॉलेज, सेक्टर-9, भिलाई (छत्तीसगढ़) के खेल प्रांगण में संपन्न हुई प्रतिष्ठित प्रथम इंडो-नेपाल ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर के कराटे खिलाडिय़ों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, निरंतर अभ्यास और बेहतर खेल अनुशासन का परिचय देते हुए सराहनीय सफलता हासिल की है।
स्कूल ने बताया कि भारत और नेपाल के कराटे प्रशिक्षुओं के बीच आयोजित इस गरिमामयी प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मैट पर सटीक टाइमिंग, तकनीक और संतुलन का प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदकों पर अपना कब्जा जमाया है। इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में विद्यालय दल की सफलता मुख्य कोच सुश्री चंचल वर्मा के कुशल तकनीकी प्रशिक्षण एवं टीम मैनेजर श्री रवि साहू के बेहतरीन प्रबंधन का परिणाम रही है।
स्कूल ने बताया कि जहां एक ओर कोच सुश्री चंचल वर्मा ने मैट पर अभ्यास सत्रों के माध्यम से खिलाडिय़ों की तकनीक, काता-कुमिते के पैंतरे और खेल की बारीकियों को निखारा, वहीं दूसरी ओर टीम मैनेजर श्री रवि साहू ने दल के समय प्रबंधन, अनुशासन, खिलाडिय़ों के मनोबल और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। दोनों के निरंतर मार्गदर्शन और परस्पर तालमेल के चलते ही खिलाड़ी दबाव भरे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी शांत मन और एकाग्रता के साथ अपना स्वाभाविक खेल प्रस्तुत करने में सफल रहे।



