जींद: रिटायर्ड कर्मचारियों ने लघु सचिवालय के निकट 24 घंटे का पड़ाव शुरू किया

जींद में रिटायर्ड कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लघु सचिवालय के निकट 24 घंटे का पड़ाव शुरू कर दिया। यह कार्यक्रम दो दिवसीय है। बुधवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा से मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
पड़ाव की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह ने की। संचालन राजकुमार श्योकंद ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए राज्य उपाध्यक्ष छज्जूराम नैन ने कहा कि सरकार 31 दिसंबर 2025 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को आठवें वेतन आयोग का पूरा लाभ नहीं देना चाहती। उन्होंने आठवें वेतन आयोग की शर्तों के पुनरीक्षण की मांग की। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रिटायर्ड कर्मचारियों की रैली आयोजित की जाएगी। यदि सरकार मांगें नहीं मानती तो 13 दिसंबर की बैठक में बड़े आंदोलन की घोषणा हो सकती है।
राज्य उपाध्यक्ष आजाद पांचाल ने कहा कि जब तक सरकार मांगें नहीं मानती, तब तक रिटायर्ड कर्मचारी आंदोलन जारी रखेंगे।
जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह ने आठवें वेतन आयोग का पूरा लाभ देने, बढ़ती उम्र के साथ पेंशन बढ़ाने, कम्यूटेशन रिकवरी 10 वर्ष 8 माह तक सीमित करने, मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये मासिक करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा पूर्ण लागू करने, एलटीसी सुविधा बहाल रखने, एनपीएस और यूपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन प्रणाली लागू करने तथा वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पड़ाव को मास्टर सतबीर सिंह, कर्मवीर सिंह संधू, प्रेम सिंह बांगड़, मास्टर बलजीत सिंह, होशियार सिंह, सुधीर शास्त्री, मनदीप नेहरा, बलवान सिंह, सन्नी पटवारी, संजीव ढांडा, ईश्वर सिंह ठाकुर और सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व राज्य ऑडिटर राजबीर बेरवाल ने भी संबोधित किया।



