छत्तीसगढ़

विधायक कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार

सीएम रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ संवाददाता

गुण्डरदेही, 31 अक्टूबर। अहिवारा के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शनिवार को अपने गृहग्राम भेण्ड्रा में पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

78 वर्षीय कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। शनिवार सुबह पार्थिव शरीर रायपुर पहुंचा। भिलाई-3 और दुर्ग में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव देह गृहग्राम भेण्ड्रा लाई गई।

34 साल शिक्षक रहे, फिर राजनीति में आए

कोर्सेवाड़ा ने जनवरी 1972 में सहायक शिक्षक के रूप में सेवाएं शुरू की थीं। करीब 34 वर्षों तक शिक्षा विभाग में काम करने के बाद वे राजनीति में आए। पूर्व सांसद ताराचंद साहू के निज सहायक के रूप में भी उन्होंने करीब 12 साल काम किया। वर्ष 2008 में पहली बार अहिवारा से विधायक निर्वाचित हुए और 2023 में दूसरी बार विधानसभा पहुंचे।

सम्मान और विकास कार्यों से बनाई पहचान

विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उनके कार्यकाल में अहिवारा क्षेत्र में 451 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हुए थे। वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों गुरु घासीदास सम्मान और 2013 में श्रेष्ठ विधायक सम्मान से भी उन्हें नवाजा गया था। उनके निधन से बालोद और दुर्ग जिले में शोक है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button