ताजा खबर

गुरु की सीख को आचरण में उतारें तभी सफल और शांतिमय होगा जीवन

राजनांदगांव : गुरु के वचनों को स्वीकार कर उन्हें अपने आचरण में उतारने से ही जीवन शांतिमय और सफल बन सकता है। गुरु हमें संसार रूपी सागर से पार उतारने का मार्ग दिखाते हैं, लेकिन हम उनके सत्संग का लाभ लेने से बचते हैं। यह समझना होगा कि गुरु का सानिध्य और उनकी सीख आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। यह बात खरतरगच्छाधिपति मणिप्रभ सागर के शिष्य मुनि मौलिकप्रभ सागर ने चातुर्मासिक प्रवचन में कही।

ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे प्रवचन में मुनि मौलिकप्रभ सागर ने कहा कि गुरु जहाज के समान हैं, जो हमें संसार रूपी सागर से पार उतारने का प्रयास करते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग केवल गुरु का हाथ पकड़कर या चरण स्पर्श कर लौट जाते हैं, जबकि कुछ ही लोग उनके सत्संग और उपदेशों का लाभ उठाते हैं। गुरु हमारे कल्याण के लिए मार्गदर्शन करते हैं, लेकिन हम उनके महत्व को समझ नहीं पाते।

उन्होंने कहा कि जिसके जीवन में गुरु का मार्गदर्शन नहीं होता, वह सही दिशा से भटक सकता है। गुरु के वचनों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। गुरु का सत्संग व्यक्ति को आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ाता है।

मुनि ने जीवन में पुरुषार्थ के महत्व को समझाते हुए कहा कि नदी के प्रवाह के साथ बहने वाला व्यक्ति अनुश्रुतगामी होता है, जबकि प्रवाह के विपरीत आगे बढ़ने के लिए प्रयास करने वाला प्रतिश्रुतगामी कहलाता है। जीवन में भी वही व्यक्ति आगे बढ़ता है, जो परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय पुरुषार्थ करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु के सत्संग का लाभ लेकर उनकी सीख को जीवन में उतारने और आत्मकल्याण के लिए पुरुषार्थ करने का आह्वान किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button