राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए महासमुंद एथलेटिक्स दल का चयन 11 को

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर। नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक मीट में भाग लेने वाले महासमुंद जिला एथलेटिक्स दल का चयन 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से फॉरेस्ट ग्राउंड, बीटीआई रोड महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाएगा। जिला एथलेटिक संघ द्वारा आयोजित इस चयन प्रतियोगिता में जिले के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
चयन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी खिलाडिय़ों का ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। बिना ऑनलाइन पंजीयन के किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के लिए ट्रेथलन.ए में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं ऊंची कूद, ट्रेथलन.बी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं बैक थ्रो तथा ट्रेथलन.सी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं 600 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं होंगी।
इस आयु वर्ग में भाला फेंक प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में 60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक एवं भाला फेंक की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इस वर्ग में पेन्टथलेन के अंतर्गत 60 मीटर, 80 मीटर हर्डल्स, ऊंची कूद, गोला फेंक एवं 600 मीटर दौड़ में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चयन प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाडिय़ों को अपना एक पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन प्रतियोगिता एवं पंजीयन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए चारुलाता गजपाल से मोबाइल नंबर 9755505946 तथा रेखराम ध्रुव से मोबाइल नंबर 9399602860 पर संपर्क किया जा सकता है।



