तुस्दा के खिलाडिय़ों ने राज्य स्तर स्पर्धा में दिखाया दमखम

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 6 अक्टूबर तक जिला बलौदाबाजार में किया गया। प्रतियोगिता में बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा एवं रायपुर संभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। लगभग 500 खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग टच रग्बी बालक-बालिका, 19 वर्ष नेटबॉल बालक-बालिका तथा 14, 17 एवं 19 वर्ष बालक-बालिका कुराश खेलों का आयोजन किया गया। इसमें रायपुर जोन की ओर से महासमुंद जिले के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी शाला एवं जिले का नाम रोशन किया।
तुस्दा हायर सेकेंडरी स्कूल, बागबाहरा के खिलाडिय़ों ने भी विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। 14 वर्ष रग्बी बालिका वर्ग में रजनी खडिय़ा एवं निशा खडिय़ा तथा 14 वर्ष बालक वर्ग में मितेश खडिय़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसी प्रकार कुराश 17 वर्ष बालिका वर्ग में लीना पटेल एवं 19 वर्ष बालिका वर्ग में सोनम खडिय़ा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं 17 वर्ष बालक वर्ग में निखिल खडिय़ा तथा 19 वर्ष बालक वर्ग में आशीष जगत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
इन सभी खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से रायपुर जोन ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से तुस्दा हायर सेकेंडरी स्कूल एवं पूरे महासमुंद जिले में हर्ष का माहौल है।
खिलाडिय़ों की शानदार उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बी. एल. देवांगन, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बर्माल, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज धृतलहरे, तुस्दा स्कूल के प्राचार्य चंद्रिका प्रसाद साहू, समस्त शिक्षकगण एवं पीटीआई अंजू प्रजापति ने खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



