बुआ को गाली देने पर पड़ोसी की हत्या, 2 सगे भाई बंदी

शराब पीने के दौरान शुरू हुआथा विवाद
छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर, 4 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला में बुआ को गाली देने की बात को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों ने अपने पड़ोसी की कथित तौर पर हत्या कर दी। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लोहे की छैनी से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। मामले में लखनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की शाम मृतक अंगद राम चौधरी आरोपी धर्मेंद्र चौधरी के घर में धर्मेंद्र और उसके भाई मुकेश चौधरी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में अंगद राम ने धर्मेंद्र की बुआ श्याम बाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों भाइयों ने इसका विरोध करते हुए उसे ऐसा करने से मना किया और घर छोडऩे चले गए।
आरोप है कि इसके बावजूद अंगद राम घर के बाहर भी गाली-गलौज करता रहा। इससे नाराज होकर दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मुकेश चौधरी ने घर में रखी लोहे की छैनी से अंगद राम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसके सिर से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए।
सुबह घर के बाहर मिली खून से लथपथ लाश
3 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे गांव के रोशन चौधरी ने परिजनों को सूचना दी कि अंगद राम घर के बाहर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसके सिर में गंभीर चोट थी और कपड़े खून से सने हुए थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मुकेश चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की छैनी भी जब्त की गई।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने 4 नवंबर को दोपहर करीब 1.40 बजे मुकेश चौधरी और 1.50 बजे धर्मेंद्र चौधरी निवासी ग्राम रजपुरीकला, थाना लखनपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



