ताजा खबर

बस स्टैंड में बनेगा नया कांप्लेक्स पुराने दुकानदारों को भी मिलेंगी दुकानें

राजनांदगांव: नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी अब बस स्टैंड क्षेत्र में नया व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाने की तैयारी कर रही है। इससे निकाय की आय बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। खास बात यह है कि निर्माण से प्रभावित होने वाले आठ से दस अस्थायी दुकानदारों को भी नए कांप्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी। मंगलवार को हुई नगर पंचायत परिषद की सामान्य सभा में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। अब पालिका बाजार योजना के तहत शासन से अनुदान मांगा जाएगा। परिषद ने छह महीने में अनुदान प्राप्त करने की दिशा में प्रयास करने का लक्ष्य रखा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वार्ड 3 और 9 के बस स्टैंड क्षेत्र में कांप्लेक्स निर्माण पर सहमति बनी। अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी व्यापारी की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। प्रभावित दुकानदारों को नियमानुसार छूट के साथ स्थायी दुकान आवंटित करने की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में जल आवर्धन योजना के तहत नई कालोनियों और विस्तारित आवासीय क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। सामान्य सभा के बाद नगर निगम भिलाई स्थानांतरित हुए सीएमओ विजय पांडे को विदाई दी गई। अध्यक्ष और ेेेपार्षदों ने उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्टेट बैंक के संचालन पर भी चर्चा

वार्ड 3 स्थित मंगल भवन को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा खोलने के लिए चार महीने पहले 51 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था। बैंक से दो महीने का किराया भी मिलने लगा है, लेकिन शाखा शुरू नहीं हुई है। बैंक की ओर से सेटअप तैयार करने के लिए करीब 16 लाख रुपये की मांग किए जाने पर परिषद ने असहमति जताई। अध्यक्ष ने कहा कि अनुबंध से पहले ऐसी कोई शर्त नहीं रखी गई थी और निकाय की आर्थिक स्थिति भी अतिरिक्त खर्च उठाने की नहीं है। परिषद ने बैंक से जल्द शाखा शुरू करने की अपील की।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button