छत्तीसगढ़

आजकल: राम की निराशा के 8,64,000 साल

दिवाली में अखबार 2 दिन बंद होना बड़ा भारी पड़ता है। लेकिन इन 2 दिन अख़बार की जगह वेबसाइट, डिजिटल मीडिया और दूसरे प्लेटफॉर्म ने ले ली है। इसलिए लोगों को 2 दिन का आराम या आपस में मिलने-जुलने का मौका देना एक बेहतर सोच है। मुझ पर यह कुछ अधिक भारी इसलिए पड़ता है कि मेरी खाली बैठने की आदत नहीं है। साल में 365 दिन काम करना मेरी आदत है।

आज अखबार के दफ्तर में अकेले बैठकर मैं कुछ-कुछ हिसाब-किताब लगा रहा था। अब वॉइस टाइपिंग से मोबाइल फोन पर यह कलम चला रहा हूं, क्योंकि हिंदी टाइपिंग जानता नहीं। और जो लोग जानते हैं, उनको टेलीफोन पर डिक्टेशन देकर मैं उनके त्यौहार और छुट्टी का दिन खराब करना नहीं चाहता।

अब जरा मुद्दे की बात पर आ जाऊं। मैं देख रहा था कि बीती रात धमाके किस तरह चल रहे थे। हिंदुस्तान के सुप्रीम कोर्ट और इसके प्रदेशों के हाईकोर्ट के आदेश शायद इथियोपिया या तंजानिया के बारे में होते हैं। वहां पर धमाके दिवाली की रात इतने नहीं होते होंगे। हो सकता है कि फिलिस्तीन के गाजा में या इजराइल में भी भारतीय अदालतों का हुक्म माना जाता होगा। लेकिन मैं जिस छत्तीसगढ़ में बसा हुआ हूं, इसके अलावा दिल्ली है या बहुत से और प्रदेश हैं, उनकी जो खबरें आ रही हैं, इन प्रदेशों में भी अगर भारत के सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों का पालन होता तो अच्छा रहता। यहां भी तंजानिया, केन्या या फिलिस्तीन की तरह पटाखों पर कुछ काबू रहता।

बीती रात धमाकों की वजह से शुरू हुए सिरदर्द के लिए दवाई खाकर, रोल-ऑन लिक्विड पेन बाम लगाकर मैं किसी तरह आधी रात के पहले सोया। कान वगैरह बंद करने की कोशिश की कि धमाके कुछ कम आएं। बंद कमरे के भीतर भी रात ढाई बजे नींद खुली तो ठीक अगल-बगल के मकान के बाहर इतने तेज धमाके चल रहे थे। लगातार चल रहे थे, देर तक चल रहे थे।

अब इसके बाद आज सुबह बैठकर मैं सोच रहा था कि किस तरह का त्योहार हो गया है दिवाली!

एक दिलचस्प बात यहां जोड़ना जरूरी है। घर से दफ्तर आते हुए जब मैं बगल की कॉलोनी के बीच से निकल रहा था तो एक बुजुर्ग अपने ही घर के बाहर और आसपास के दो-तीन मकानों के सामने पड़े बड़े-बड़े पटाखों के अवशेष समेट रहे थे। बड़े-बड़े पटाखों के ये कंकाल इस तरह बिखरे हुए थे, जिस तरह विसर्जन के बाद प्रतिमाओं के कंकाल बिखरे रहते हैं। वे बुजुर्ग उन आतिशबाजियों के कंकालों को इकट्ठा करके आग लगा रहे थे। बीती रात तो पटाखों का बारूद जला था। अब आज सुबह रही-सही कसर पूरी करने के लिए अपने ही घर के सामने पड़े बड़े-बड़े धमाके वाले पटाखों के कंकालों को जला रहे थे। बैठकर नजर रख रहे थे कि उनकी लगाई आग से किस तरह का धुआं निकल रहा है। उन्होंने कोई गैस मास्क नहीं लगा रखा था, कारखाने की तरह, कि बारूदी कंकाल जलने से निकलने वाली जहरीली गैसों से बच जाएं। शायद अपनी बची हुई ज़िन्दगी के आगे के सफर को फास्ट फॉरवर्ड करना चाहते होंगे, इसलिए आतिशबाजियों के बड़े-बड़े खोखों को जलाते बैठे थे।

यही सब सोचते हुए जब मैं दफ्तर पहुंचा और अभी ऑफिस की बालकनी में ठंडी, खुली हवा के बीच बैठकर बोलकर यह टाइप कर रहा हूं, तो इसके पहले मैंने थोड़ा-सा सर्च करने की कोशिश की।

भारत में आतिशबाजी की शुरुआत 1443 ईस्वी के करीब निकल रही है। इसके पहले का कुछ पढ़ने में नहीं आ रहा है। अब दूसरी तरफ मैं देखता हूं कि राम का जो जमाना था, त्रेता युग का, तो मैंने चैटजीपीटी से पूछा कि त्रेता कितने वक्त तक चला। उसने बताया कि त्रेता की कुल अवधि 12,96,000 साल रही। फिर द्वापर शुरू हो गया, 8,64,000 साल। फिर 3102 साल ईसा पूर्व कलियुग शुरू हुआ। अभी क्योंकि 2026 चल रहा है, तो अभी से करीब 5,000 साल पहले कलियुग चालू हुआ। और अभी से करीब 600 साल पहले भारत में आतिशबाजी या पटाखे या बारूद के पहुंचने की जानकारी मिलती है।

तो मैंने हिसाब लगाया कि त्रेता के खत्म हो जाने के बाद से लेकर भारत में पटाखे आने तक कितना वक्त गुजरा होगा। करीब 8 लाख 69 हजार साल निकल गए। यानी राम के अयोध्या लौटने की जो वर्षगांठ अयोध्यावासी दीये जलाकर मनाते थे, वह बिना पटाखों के चलती रही!

मैं हैरान होता हूं कि भक्ति का यह भी कोई तरीका है कि आपने 8 लाख 69 हजार साल बिना पटाखों और आतिशबाजी के गुजार दिए! राम को क्या लग रहा होगा? कुछ सोचा किसी ने? राम के अयोध्या आगमन की सालगिरह आज इस तरह मनाई जाती है। उनके अयोध्या लौटने की सालगिरह पर कई जगह, शहरों के संपन्न इलाकों में, बड़े-बड़े धमाके होते रहते हैं। जमीन से लेकर आसमान तक आतिशबाजी की रोशनी बिखरती रहती है। क्या लगा होगा राम को कि 8 लाख 69 हजार साल बिना आतिशबाजी के, बिल्कुल टिमटिमाते हुए दीयों से मना लिया गया उनका अयोध्या वापस आना?

क्या हो गया था भक्तों को? क्यों वे पटाखे और आतिशबाजी का आविष्कार नहीं कर पाए? त्रेता में नहीं कर पाए तो नहीं कर पाए, द्वापर में भी नहीं कर पाए! यह तो गजब की बात रही।

आज जैसे रौशन तरीके से राम की अयोध्या वापसी को मनाया जाता है, क्या इतना भी तरीका भक्तों को नहीं सूझा? चीन और मुस्लिम देशों के लोग लगे रहे बारूद, पटाखे और आतिशबाजी लाने में, और राम अपनी उस विशाल महान जीत को केवल टिमटिमाते दीयों वाले समारोह से शुरू होकर उन्हीं दीयों पर खत्म होते देखते रहे! यह कैसी रामभक्ति थी? यह कैसा जलसा था? कैसा समारोह था?

मैं थोड़ा हैरान होता हूं कि जिस राम का नाम लिखने से पत्थर भी समुद्र के पानी में तैरने लगे थे और भारत से लंका तक पुल बन गया था। बस राम का नाम लिखो, पत्थर डालते जाओ, तो तैरते पत्थरों पर पुल बन गया था और राम की सेना पहुंच गई थी। तो उस राम का नाम लिखकर कोई बारूद का आविष्कार नहीं हो सकता था?

आप सोचिए कि त्रेतायुग के सारे अयोध्यावासी बिना एक भी माचिस की तीली जलते देखे, बिना एक भी पटाखे और आतिशबाजी के, दीये जलाते-जलाते चले गए। यह कैसा रामराज्य था, जिसमें लोगों को पटाखे नहीं दिखाई दिए, आतिशबाजी नहीं दिखाई दी? यह तो बहुत ही गजब की बात रही!

और फिर जो द्वापर आया, बाद में कृष्ण आए, लेकिन अयोध्या की सालगिरह तो जरूर ही मनाई जाती रही होगी। उस दौर में भी किसी को नहीं सूझा कि इतनी रूखी-सूखी दिवाली सिर्फ तेल के दीयों से? यह भी भला कोई बात होती है!

अरे, राम के नाम का सम्मान करने के लिए त्रेता में नहीं कर पाए तो द्वापर में बारूद का आविष्कार कर लेते। त्रेता में पुष्पक विमान बना चुके थे, तो बारूद नहीं बना सके? द्वापर में भी नहीं बना सके। कलियुग शुरू हो गया, उसमें भी नहीं बना सके। और अभी कुछ 600 साल पहले शायद बारूद यहां हिंदुस्तान आया!

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button