छत्तीसगढ़
उत्तर प्रदेश: मुज़फ़्फ़रनगर में डिवाइडर से टकराई कार, छह लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर में सड़क हादसे के बाद कार में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई. यह जानकारी न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से दी है.
पुलिस के मुताबिक़, कार पानीपत-खटीमा रोड पर जगहेड़ी ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद बिजली के खंभे से टकराने पर कार में आग लग गई.
मुज़फ़्फ़रनगर (ग्रामीण) के एसपी अक्षय संजय महाडिक ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि सूचना मिलते ही तितावी पुलिस, दमकल विभाग और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया.
उन्होंने कहा कि छह लोग झुलस गए थे और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस के मुताबिक़, सभी छह लोग हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे. उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.(bbc.com/hindi)



