ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा का सम्मान
राजनांदगांव :- मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा का रिद्धि सिद्धि विहार फेस-3 समिति द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर कॉलोनीवासियों ने श्री शर्मा का पुष्पहार, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें ज्ञानदीप पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के मुख्य अतिथि राजनांदगांव के प्रथम नागरिक एवं महापौर मधुसूदन यादव थे। उन्होंने शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा को ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान वास्तव में पूरे समाज का सम्मान है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीकांत शर्मा को मिला यह सम्मान जिले के साथ-साथ पूरे शिक्षा जगत के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिद्धि सिद्धि कॉलोनी समिति के अध्यक्ष नरेश कुमार साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद देवेंद्र साहू एवं पद्मलोचन शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के प्रयासों तथा उनके सामाजिक सरोकारों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनके कार्यों से विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी नई दिशा मिलती है। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लक्ष्मीकांत शर्मा ने अपने कार्यों के माध्यम से शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला है। इसी समर्पण और नवाचारपूर्ण कार्यों को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो उनके लिए ही नहीं बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय है। सम्मान ग्रहण करते हुए शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि रिद्धि सिद्धि विहार फेस-3 समिति एवं कॉलोनीवासियों द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सम्मान व्यक्ति को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। ज्ञानदीप पुरस्कार के साथ मिले इस सम्मान से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने समिति, कॉलोनीवासियों, अतिथियों एवं सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रिद्धि सिद्धि विहार फेस-3 के वरिष्ठ नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा को ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त करने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।


