दिल्ली में पुलिस कार्रवाई पर प्रियंका गांधी ने कहा- ‘अब लोकतंत्र नहीं रहा’

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने ने एक्स पर लिखा, पहले 254 सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें पूरी तरह गैरक़ानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया. इससे उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ. यही व्यवहार विपक्षी दलों के अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ भी किया गया.
फिर राष्ट्रीय राजधानी को चारों तरफ़ से घेरकर और बैरिकेड लगाकर सील कर दिया गया. ट्रेनें और मेट्रो सेवाएं रोकी गईं, इंटरनेट बंद किया गया और जगह-जगह चेक पोस्ट लगाए गए. अपने संवैधानिक अधिकार के तहत प्रदर्शन कर रहे युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को हिरासत में लिया गया.
अगर यह इस बात का सबूत नहीं है कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनाव में धांधली की गई है, और सरकार इस बात से डरी हुई है कि उसकी वैधता पर सवाल उठ रहे हैं और जवाबदेही की मांग की जा रही है, तो फिर और क्या है?
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, भारत में अब लोकतंत्र नहीं रहा है.
उन्होंने कहा, यह नरेंद्र मोदी और अमित शाह द्वारा चलाई जा रही एक तानाशाही है. जो लोग लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं, वे राष्ट्र के साथ विश्वासघात कर रहे हैं.(bbc.com/hindi)



