युवाओं को नशे से बचाएं, हॉट स्पॉट पर निगरानी रखें: सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवाओं को हर हाल में नशे से बचाया जाए। विशेष रूप से शहरों में चिन्हित हॉट स्पॉट पर निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर प्रत्येक माह बैठक हो, जिसमें नशा मुक्त भारत अभियान पर विचार किया जाए और उसके क्रियान्वयन को आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रदेश में भी निरंतर समीक्षा के साथ दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और आबकारी विभाग आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई में पीछे न हटें।
बैठक में प्रस्तुति के दौरान बताया गया कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के उत्पादन, व्यापार, सेवन एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए एनडीपीएस अधिनियम लागू है। इस कठोर कानून के तहत इस वर्ष प्रदेश में 2706 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। कुल 3690 आरोपियों से अगस्त 2026 तक 46 हजार 313 किलो मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
प्रदेश में प्रतिबंधित कफ सिरप की जब्ती, शिक्षण संस्थानों की 500 मीटर परिधि में ड्रग्स फ्री परिसर बनाने, नशा मुक्त मित्रों का सहयोग लेने और जिलों में नशा मुक्त केंद्रों की भूमिका सक्रिय करने के कार्य जारी हैं। नशा मुक्त हेल्पलाइन 14446 भी लागू की गई है।
बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, एडीजी नार्कोटिक्स डी. श्रीनिवास वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



