छत्तीसगढ़

सात समंदर पार जुड़ा रिश्ता, पामगढ़ की क्रिस्टीना ने डच युवक से की शादी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

जांजगीर, 17 अक्टूबर। भाषा, देश और संस्कृति की सीमाओं को पार कर जांजगीर जिले की युवती क्रिस्टीना नथानिएल ने नीदरलैंड के नागरिक क्रिस्टियान एंड्रीस वर्बूम के साथ शादी कर ली। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दोनों ने जिला कार्यालय में विशेष विवाह अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की और जीवनसाथी बन गए।

क्रिस्टीना नथानिएल की उम्र 25 साल है और वह पामगढ़ ब्लॉक के छोटे से गांव भुईगांव की रहने वाली हैं। उनके जीवनसाथी क्रिस्टियान एंड्रीस वर्बूम 32 वर्ष के हैं और नीदरलैंड के निवासी हैं।

क्रिस्टीना ने बताया कि क्रिस्टियान का सम्मानजनक व्यवहार और उनके परिवार के प्रति आदर ने उनका भरोसा जीता। परिवारों की सहमति के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया।

अपर कलेक्टर के अनुसार, विवाह से पहले जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसमें पासपोर्ट और वीजा का सत्यापन, अनापत्ति प्रमाणपत्र की जांच और दोनों परिवारों की सहमति शामिल थी। इसके बाद विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह पंजीकृत किया गया।

शादी का प्रमाणपत्र मिलने के बाद क्रिस्टीना अब नीदरलैंड के दूतावास में स्पाउस वीजा और निवास परमिट के लिए आवेदन करेंगी। प्रशासनिक प्रक्रिया में करीब दो से तीन महीने लगने का अनुमान है। इसके बाद उनके जनवरी 2027 के आसपास नीदरलैंड रवाना होने की संभावना है।

परिवार के मुताबिक, कानूनी शादी के बाद इस सप्ताह भुईगांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत समारोह और गांव वालों के लिए भोज आयोजित किया जाएगा। दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से जुड़े इस जोड़े की शादी ने जिले में लोगों का ध्यान खींचा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button