रायपुर में ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड लगाने का दूसरा चरण शुरू, 2,241 वाहनों पर होगी कार्रवाई
रायपुर, 27 नवंबर। शहर में यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने का द्वितीय चरण शुरू कर दिया है। इस चरण में शेष और नए पंजीकृत कुल 2,241 ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड चस्पा किए जाएंगे। इसकी शुरुआत 27 नवंबर 2026 से की गई है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले प्रथम चरण में रायपुर शहर के 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाए जा चुके हैं। प्रथम चरण के बाद शेष रह गए और नए खरीदे गए वाहनों का दोबारा पंजीयन कर दूसरे चरण की शुरुआत की गई है।
द्वितीय चरण का शुभारंभ डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने किया। इस दौरान एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक राम कुमार बर्मन और सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर भी मौजूद रहे।
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की जानकारी
ऑटो और ई-रिक्शा में लगाए जाने वाले क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर संबंधित वाहन, वाहन मालिक और चालक की जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को सफर के दौरान वाहन और चालक की पहचान करने में आसानी होगी। साथ ही किसी आपात स्थिति या आवश्यक परिस्थिति में संबंधित जानकारी प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।
सभी यातायात थाना क्षेत्रों में लगाए जाएंगे QR कोड
यातायात पुलिस के अनुसार द्वितीय चरण के तहत रायपुर कमिश्नरेट के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में क्यूआर कोड लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित यातायात थानों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस द्वारा पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को फोन के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
सूचना मिलने पर चालकों को अपने वाहन के साथ संबंधित यातायात थाने पहुंचना होगा, जहां पुलिस अधिकारी और कर्मचारी वाहन में क्यूआर कोड चस्पा करेंगे।
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे पुलिस से सूचना मिलने पर निर्धारित समय पर अपने वाहन सहित यातायात थाने पहुंचें और क्यूआर कोड लगवाने की प्रक्रिया पूरी कराएं। इससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को और बेहतर बनाया जा सकेगा।


