कुत्तों के लिए स्मार्टवॉच आइडिया को मिला पहला पुरस्कार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 8 अक्टूबर। स्कूली बच्चों के तकनीकी प्रयोग और नए आइडिया को मंच देने के लिए वसंत विहार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में आइडियाथॉन 2026 आयोजित किया गया। कोडविद्या इंडिया प्रा.लि. और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के संयुक्त आयोजन में चुनी गई शीर्ष 10 टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए। रोबोट और अलग-अलग प्रोटोटाइप के जरिए विद्यार्थियों ने रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान दिखाए।
प्रतियोगिता में स्मार्टवॉच फॉर डॉग्स को पहला पुरस्कार मिला। विजेता टीम को 50 हजार रुपये दिए गए। एआई आधारित शिक्षकों वाले ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म को दूसरा पुरस्कार और 30 हजार रुपये मिले। आम लोगों की कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए तैयार न्याय मित्र प्लेटफॉर्म तीसरे स्थान पर रहा। इस टीम को 20 हजार रुपये दिए गए।
प्रोजेक्ट का मूल्यांकन आइडिया की मौलिकता, तकनीकी समझ और समाधान की उपयोगिता के आधार पर किया गया।
एसईसीएल के सहयोग से कोडविद्या यह पहल कंपनी द्वारा संचालित सभी नौ डीएवी स्कूलों में लागू कर रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स, वित्तीय साक्षरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और उद्यमिता जैसे विषयों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक कार्मिक बिरंची दास ने विद्यार्थियों के आइडिया और मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नए प्रयोग करने का अवसर देते हैं।
कोडविद्या के संस्थापक शिवराम ने कहा कि माय स्कूल माय स्टार्टअप पहल का मकसद विद्यार्थियों में उद्यमिता, नवाचार और समस्याओं का समाधान खोजने की सोच विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले भी बन सकें।
डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य के. पार्थिपन ने विद्यार्थियों के रोबोट और प्रोटोटाइप को उनकी रचनात्मकता तथा तकनीकी समझ का उदाहरण बताया।


