अब क्यूआर कोड से होगी ई-रिक्शा की पहचान, ट्रैफिक पुलिस ने शुरू की डिजिटल व्यवस्था

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 8 अक्टूबर। ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और वाहन चालकों की पहचान आसान बनाने के लिए बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने डिजिटल रजिस्ट्रेशन और क्यूआर कोड आधारित पहचान व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत पंजीकृत ई-रिक्शा को अलग डिजिटल आईडी और क्यूआर कोड दिया जाएगा। यात्री मोबाइल से कोड स्कैन कर वाहन और चालक से जुड़ी उपलब्ध जानकारी देख सकेंगे।
एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल के तहत चालक की पहचान, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का विवरण, फोटो और दूसरी जरूरी जानकारियां डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज की जाएंगी।
इससे पुलिस और प्रशासन को जरूरत पड़ने पर वाहन तथा चालक की पहचान और सत्यापन में मदद मिलेगी। यात्रियों को भी वाहन में बैठने से पहले उपलब्ध जानकारी जांचने का विकल्प मिलेगा।
पुलिस के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य महिलाओं, बुजुर्गों और आम यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करना है। आपात स्थिति में वाहन और चालक की जानकारी परिवार या संबंधित लोगों के साथ साझा करना भी आसान हो सकेगा।
डिजिटल रिकॉर्ड से ई-रिक्शा संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने और प्रशासनिक निगरानी को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की बात कही गई है।


