एसबीआई मुख्य प्रबंधक सुनील झा दुमका से गिरफ्तार, 1 करोड़ गबन किया था

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 28नवंबर । एसीबी ईओडब्ल्यू ने लगभग 1 करोड़ के बैंक से गबन के छह साल पुराने मामले में एसीबी/ईओडब्ल्यू ने एसबीआई के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को दुमका से गिरफ्तार किया है। उसने यह रकम अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए थे ।
भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय, कोरबा के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय, रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में जून 18 से अगस्त 19 तक मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ रहे सुनील कुमार झा ने बैंक के खातों से ₹93,60,797 अवैधानिक रूप से अपनी पत्नी श्रीमती श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, वाहन चालक के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए। शिकायत के अनुसार, इस प्रकार उन्होंने एक बैंकर के रूप में आपराधिक न्यास भंग कर बैंक को ₹93,60,797 की हानि पहुँचाई। इस पर ब्यूरो में आरोपी सुनील कुमार झा के विरुद्ध धारा 409 भा.द.वि. के दर्ज कर छानबीन शुरू की। इस
दौरान संकलित दस्तावेजों एवं साक्ष्यों से पाया कि एक बैंकर के रूप में बैंक के साथ धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यास भंग किया गया, जिससे भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा को ₹93,60,797 की हानि हुई।
प्रकरण की विवेचना में भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा के खाता क्रमांक 97893028199 (बैंक का टर्म लोन ब्याज खाता), खाता 98533028193 (सिस्टम सस्पेंस खाता) और खाता 98381028194 (डिस्काउंट खाता सीएन्डआई) के स्टेटमेंट जब्त किए गए। इसके साथ ही सुनील कुमार झा की पत्नी श्रीमती श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य लोन खाताधारकों के खातों के स्टेटमेंट भी जब्त किए गए। शाखा से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर तथा डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए। उक्त वाउचर आरोपी सुनील कुमार झा ने तैयार किए थे। इस आधार पर विवेचना के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)ए, 13(2) तथा भा.द.वि. की धारा 420, 467, 468 एवं 471 प्रकरण में जोड़ी गईं।
प्रकरण में संकलित साक्ष्यों से आरोपी लोकसेवक सुनील कुमार झा, 35 वर्ष, तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बाल्को, जिला कोरबा, निवासी हनुमान मंदिर के सामने, राखाबानी, रसीकपुर, दुमका (झारखंड) के विरुद्ध उक्त धाराओं के तहत अपराध के साक्ष्य पाए गए।
एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी सुनील कुमार झा को दुमका, झारखंड स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर झा को कोरबा पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।



