प्रधान आरक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
राजनांदगांव: निजी लोन के मामले में सेटलमेंट कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगना बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने उसे 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला 18 लाख रुपये के निजी लोन से जुड़ा हुआ है। इस प्रकरण में सेटलमेंट कराने के नाम पर प्रधान आरक्षक किशोर यादव द्वारा प्रार्थी गौरव अग्रवाल से पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर गौरव अग्रवाल ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया और प्रधान आरक्षक को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। योजना के मुताबिक बुधवार को प्रार्थी गौरव अग्रवाल रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए लेकर प्रधान आरक्षक किशोर यादव के पास पहुंचा। जैसे ही उसने प्रधान आरक्षक को रकम सौंपी, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपित प्रधान आरक्षक किशोर यादव को हिरासत में लेकर मामले में आगे की जांच की जा रही है।
एसपी ने किया निलंबित, सात दिन में देनी होगी रिपोर्ट
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम द्वारा रिश्वत लेते पकड़े गए बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव के विरुद्ध पुलिस प्रशासन ने भी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में प्रधान आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और तीनों गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने उप पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम को प्रकरण की प्रारंभिक जांच कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय स्तर पर मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
