निर्माणाधीन अंडरब्रिज से चिखली ओवरब्रिज के फाउंडेशन को खतरा
राजनांदगांव : स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण पुराने ओवरब्रिज के ठीक नीचे पिलरों के आसपास किया जा रहा है। ऐसे में निर्माण के दौरान दशकों पुरानी ओवरब्रिज संरचना और उसके फाउंडेशन को क्षति पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। आवाजाही के बीच ऐसी स्थिति बनने पर बड़ी दुर्घटना की आशंका है। इसकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।
जानकारी के अनुसार, अंडरब्रिज के लिए करीब 40 दिनों तक इस हिस्से में निर्माण कार्य चलेगा। फाउंडेशन से करीब चार-पांच फीट की दूरी पर खोदाई की जा रही है। इस दौरान ओवरब्रिज के पिलरों और नींव की मजबूती पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए प्रशासन तकनीकी पहलुओं पर विचार कर रहा है। साथ ही निर्माण अवधि में ओवरब्रिज से आवागमन के बजाय वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की संभावना भी तलाशी जा रही है। कलेक्टर जितेंदर यादव ने पुलिस और परिवहन विभाग को ओवरब्रिज की स्थिति की जांच कर वैकल्पिक रास्तों के सुझाव देने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, स्टेशनपारा अंडरब्रिज का निर्माण ऐसे स्थान पर हो रहा है, जहां पहले से रेलवे ओवरब्रिज मौजूद है। अंडरब्रिज निर्माण के लिए ओवरब्रिज के पिलरों के पास खोदाई की जा रही है। ऐसे में पुरानी संरचना के फाउंडेशन की सुरक्षा महत्वपूर्ण हो गई है। पूर्व में अंडरब्रिज निर्माण के दौरान फाउंडेशन संबंधी तकनीकी अड़चन सामने आने के कारण काम प्रभावित हुआ था। इसके निराकरण के लिए अतिरिक्त पाइलिंग की जरूरत पड़ी। अब निर्माण के अगले चरण में भी तकनीकी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन चाहता है कि निर्माण के दौरान ओवरब्रिज की संरचनात्मक मजबूती को लेकर किसी तरह का जोखिम न रहे।
0 70 हजार की आबादी और भारी वाहनों की आवाजाही का दबाव
इस मार्ग की अहमियत इसलिए भी अधिक है, क्योंकि पटरीपार क्षेत्र की करीब 70 हजार आबादी की आवाजाही इसी मार्ग पर निर्भर है। इसके अलावा स्टेट हाईवे से गुजरने वाले भारी वाहन भी चिखली रेलवे ओवरब्रिज का उपयोग करते हैं। रेलवे फाटक बंद होने और अंडरब्रिज निर्माण में करीब तीन वर्ष का समय लगने से पिछले कुछ वर्षों में ओवरब्रिज पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। पुराना और संकरा होने के कारण यहां पहले से ही वाहनों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
सुरक्षा के साथ वैकल्पिक रास्तों पर मंथन
कलेक्टर जितेंदर यादव ने परिवहन और पुलिस विभाग को ओवरब्रिज की जांच करने तथा निर्माण अवधि के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि करीब 40 दिनों तक चलने वाले निर्माण कार्य के दौरान ओवरब्रिज की सुरक्षा सुनिश्चित रहे और नागरिकों की आवाजाही भी सुचारू बनी रहे। संबंधित विभागों के सुझाव और तकनीकी आकलन के बाद आवागमन की व्यवस्था तय की जाएगी।
