छत्तीसगढ़

बेकाबू कार ने टक्कर मारी, सात माह की बच्ची समेत पांच घायल

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 23 अक्टूबर। उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी में एक कार ने सड़क पर चल रहे लोगों और दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में सात माह की बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा चालक रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, मारुति ब्रेजा कार कोरबा मुख्य मार्ग से मदवारानी बाइपास की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार ने सड़क पर पैदल चल रहे लोगों के साथ दोपहिया वाहनों और अन्य कारों को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक कार लेकर भागने लगा लेकिन रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने के कारण आगे नहीं निकल सका। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, चालक के नशे में होने का आरोप है। उसे पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने मारपीट की। पास में ड्यूटी कर रहे उरगा थाने के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से बचाया और कार समेत थाने ले गए।

हादसे में राहुल सुमन (27), राजेश्वरी कश्यप (23), रमेश कुमार (25), सात माह की हंसिका और संपाती (23) घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button