अमेरिकी मिडटर्म चुनावः भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा से रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराया

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजे आने लगे हैं और डेमोक्रेट पार्टी को शुरुआती बढ़त के अनुमान लगाए जा रहे हैं.
बीबीसी के सहयोगी चैनल सीबीएस के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार और भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की सीट जीत ली है.
उन्होंने साउथ फ़्लोरिडा के सबसे चर्चित चुनावी मुक़ाबलों में से एक में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया.
डांडिया की जीत ऐसे नए चुनावी क्षेत्र में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत है, जिसका परिसीमन 2026 के मिडटर्म चुनावों से पहले फ़्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस की कांग्रेसनल री-डिस्ट्रिक्टिंग प्रक्रिया के तहत किया गया था.
डांडिया पहले हार्लेम में टीचर और हाई स्कूल की प्रिंसिपल रह चुकी हैं. वह व्हाइट हाउस फ़ेलो के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने एप्पल में भी काम किया है.
भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर पाम बीच काउंटी में जन्मीं और पली-बढ़ीं डांडिया ने अपने चुनाव प्रचार में शिक्षा, महंगाई से जुड़ी चुनौतियों और आर्थिक अवसरों को प्रमुख मुद्दा बनाया.
उनके प्रतिद्वंद्वी केसी अस्कर नेपल्स के कारोबारी और मरीन कॉर्प्स के पूर्व सैनिक हैं. उन्होंने रेस्टोरेंट फ्रेंचाइजी के कारोबार में अपना करियर बनाया. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने खुद को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार की नीतियों का समर्थक बताया.
डांडिया ने अगस्त में डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीता था.(bbc.com/hindi)



